

मछलीशहर चुनावी युद्ध 2027 : पहली कड़ी – भाजपा में टिकट की दावेदारी तेज, पुराने चेहरों के बीच नए नामों की दस्तक
पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर, पूर्व प्रत्याशी मेहिलाल गौतम और अभिषेक रावत की सक्रियता के बीच धर्मेंद्र सरोज समेत नए चेहरों की चर्चा, टिकट के बाद सभी को एकजुट रखना होगी पार्टी की असली परीक्षा
चेतन सिंह

बरसठी, जौनपुर। मछलीशहर विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ मछलीशहर सुरक्षित सीट पर भारतीय जनता पार्टी के टिकट को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने लगी है। पार्टी के भीतर पुराने दावेदारों की सक्रियता के साथ नए चेहरों की आवाजाही भी दिखाई देने लगी है। कोई अपने पुराने राजनीतिक अनुभव और जनसंपर्क को दावेदारी का आधार बना रहा है तो किसी को संगठन में अपनी भूमिका और पार्टी के प्रति लंबे समय से की गई मेहनत पर भरोसा है। ऐसे में टिकट की दौड़ केवल नामों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इसके साथ पार्टी के भीतर आपसी तालमेल और चुनाव के समय एकजुटता बनाए रखने का सवाल भी जुड़ गया है। मछलीशहर की राजनीति में पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर का नाम पुराना और जाना-पहचाना है। वह 2012 और 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर इस सीट से विधायक चुने गए थे। वर्ष 2017 के चुनाव में उन्होंने भाजपा की अनीता रावत को 4,179 मतों से हराया था। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने उनका टिकट काटकर डॉ. रागिनी सोनकर को प्रत्याशी बनाया। इसके बाद जुलाई 2023 में जगदीश सोनकर भाजपा में शामिल हो गए। अब वह पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। हाल में मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक में भी उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उनके राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र में पुराने संपर्कों को उनकी दावेदारी के अहम आधार के रूप में देखा जा रहा है। दूसरी ओर, भाजपा के पूर्व प्रत्याशी मेहिलाल गौतम भी अपनी राजनीतिक जमीन बनाए हुए हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी बनाया था। उस चुनाव में उन्हें 83,175 मत मिले, जबकि सपा की डॉ. रागिनी सोनकर 91,659 मत पाकर विजयी हुई थीं। दोनों के बीच 8,484 मतों का अंतर रहा। ऐसे में मेहिलाल गौतम के सामने पिछली हार के अंतर को पाटने और अपनी दावेदारी को फिर मजबूत करने की चुनौती है। भाजपा में एक और सक्रिय नाम डॉ. अभिषेक रावत का है। उनकी मां अनीता रावत वर्ष 2017 में मछलीशहर से भाजपा प्रत्याशी थीं। डॉ. अभिषेक रावत को सितंबर 2026 में भाजपा के काशी क्षेत्र का क्षेत्रीय मंत्री बनाया गया। इससे पहले वह मछलीशहर जिला संगठन में महामंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। संगठन में उनकी भूमिका और परिवार की पुरानी राजनीतिक पृष्ठभूमि को उनकी दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। इन पुराने और स्थापित नामों के बीच स्थानीय स्तर पर नए चेहरों की सक्रियता भी चर्चा में है। मछलीशहर कस्बे के कारोबारी धर्मेंद्र सरोज क्षेत्र में लगातार संपर्क बढ़ा रहे हैं। वह विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग मंडलों में पहुंचकर लोगों से मिल रहे हैं। हाल में बरसठी क्षेत्र में भी उन्होंने स्थानीय पत्रकारों के साथ समय बिताया और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की। उनका जोर स्थानीय नेतृत्व और क्षेत्र के ही व्यक्ति को प्रतिनिधित्व देने पर है। हालांकि, उनकी राजनीतिक दावेदारी को अभी संगठन में किस स्तर का समर्थन हासिल है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर युवा इंजीनियर बृजेश कुमार गौतम का नाम भी संभावित दावेदार के रूप में सार्वजनिक चर्चा में आया है। इस तरह टिकट की दौड़ में केवल पुराने नेताओं के नाम ही नहीं, नए चेहरों की संभावनाएं भी जुड़ रही हैं।दावेदारों की इस तस्वीर के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि भाजपा आखिर किस आधार पर प्रत्याशी का चयन करेगी? क्या पार्टी पुराने राजनीतिक अनुभव और क्षेत्रीय संपर्क को प्राथमिकता देगी, संगठन में सक्रियता को तरजीह मिलेगी या फिर किसी नए चेहरे पर भरोसा जताया जाएगा? टिकट की दावेदारी करने वाले नेताओं के अपने-अपने आधार हैं, लेकिन चुनाव में पार्टी का साझा चेहरा बनने के लिए सभी को एक मंच पर लाना नेतृत्व के सामने बड़ी चुनौती हो सकती है। राजनीतिक परिस्थितियों में एक संभावना यह भी चर्चा के योग्य है कि यदि स्थानीय दावेदारों के बीच सहमति नहीं बनती है तो क्या पार्टी किसी ऐसे नए चेहरे को मैदान में उतार सकती है, जिसकी दावेदारी अभी खुलकर सामने नहीं आई है? क्या आपसी खींचतान से बचने के लिए कोई अप्रत्याशित या बाहर से लाया गया चेहरा सबको चौंका सकता है? फिलहाल इसे लेकर कोई आधिकारिक संकेत नहीं है, लेकिन टिकट चयन की प्रक्रिया में ऐसे विकल्पों की संभावना से इनकार भी नहीं किया जा सकता। इस सियासी तस्वीर का एक दूसरा पहलू भी है। क्या टिकट की दौड़ में केवल वही चेहरे शामिल हैं, जो सार्वजनिक रूप से अपनी सक्रियता और दावेदारी दिखा रहे हैं, या फिर कोई ऐसा नाम भी है जो अभी पर्दे के पीछे रहकर संगठन, स्थानीय कार्यकर्ताओं और प्रभावशाली लोगों के बीच अपनी जगह बनाने में जुटा है? राजनीति में हर दावेदार अपनी तैयारी का खुला प्रदर्शन नहीं करता। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना भी दिलचस्प होगा कि कोई नया नाम अचानक सामने आता है या मौजूदा दावेदारों में से ही किसी एक के पक्ष में समीकरण बनते हैं। फिलहाल मछलीशहर में भाजपा के टिकट को लेकर तस्वीर साफ नहीं है। पार्टी ने किसी प्रत्याशी की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। लेकिन दावेदारों की सक्रियता ने चुनावी चर्चा को जरूर तेज कर दिया है। टिकट किसे मिलेगा, यह तो पार्टी नेतृत्व तय करेगा, मगर उसके बाद बाकी दावेदारों और उनके समर्थकों को साथ लेकर चलना भी उतना ही अहम होगा। क्योंकि मछलीशहर में भाजपा की चुनावी चुनौती केवल प्रत्याशी चुनने की नहीं, बल्कि उस चयन के बाद संगठन और दावेदारों को एकजुट रखने की भी होगी।
क्रमशः….
टी.डी. कॉलेज के प्रोफेसर महेंद्र कुमार त्रिपाठी का प्राचार्य पद पर चयन, क्षेत्र में हर्ष की लहर






