
खेतासराय पुलिस ने एक वारंटी अभियुक्त को किया गिरफ्तार, न्यायालय भेजा

जौनपुर। अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खेतासराय पुलिस ने गुरुवार को एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे संबंधित न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट के अनुपालन में खेतासराय पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के पाराकमाल गांव में दबिश देकर आजम पुत्र नसीर को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा संख्या 1630/19 में धारा 323, 504, 506 और 427 भादंवि के तहत मामला न्यायालय में विचाराधीन है। वह इस मामले में वारंटी था।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराधियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनन्त चन्द्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज प्रतिमा वर्मा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गिरफ्तारी की।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक भोलानाथ सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र गिरी और कांस्टेबल आयुष मिश्रा शामिल रहे।






