
शेरवां में लगेगा वृहद रोजगार मेला, 20 से अधिक कंपनियां करेंगी युवाओं का चयन

जौनपुर। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत शुक्रवार 13 नवंबर को मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के माता प्रसाद आदर्श महाविद्यालय, शेरवां परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय जौनपुर के तत्वावधान में आयोजित यह मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान ने बताया कि जनपद के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए शेरवां में यह मेला लगाया जा रहा है। इसमें देश की 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजकों के शामिल होने की संभावना है।
रोजगार मेले में अदाणी सोलर एनर्जी लिमिटेड, क्रेस कॉर्प लिमिटेड, रक्सा सिक्योरिटी सर्विसेज, उड़ान मैनपावर सर्विस, जेबी इंडस्ट्रीज, एशियन इलेक्ट्रॉनिक्स, पुखराज हेल्थ केयर, कोरोना रेमेडीज लिमिटेड, फ्लिपकार्ट, सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड सहित कई कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
इन कंपनियों की ओर से सोलर टेक्नीशियन, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, मशीन ऑपरेटर, स्टोर मैनेजर, ट्रेनर, सेल्स मैनेजर, कलेक्शन ऑफिसर, सिक्योरिटी गार्ड और हेल्पर सहित विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
इस रोजगार मेले में आठवीं, दसवीं, बारहवीं पास, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, कौशल प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के साथ अकुशल श्रमिक भी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर निःशुल्क पंजीकरण कर अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार कंपनियों में आवेदन करना होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे 13 नवंबर को सुबह 10 बजे माता प्रसाद आदर्श महाविद्यालय, शेरवां में अपने शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता से संबंधित प्रमाणपत्रों की छायाप्रति और बायोडाटा के साथ उपस्थित होकर रोजगार मेले का लाभ उठाएं। इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी प्रतिभा और कौशल को उचित अवसर प्रदान करना है।







