
बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

मछलीशहर (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के तिलोरा गांव के पास बुधवार रात अज्ञात बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान तिलोरा निवासी अश्विनी कुमार (पुत्र रमेश कुमार गौतम) के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार, अश्विनी बुधवार दोपहर अपनी बहन के घर मछलीशहर गए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भिखारीपुर-तिलोरा के पास अज्ञात बोलेरो की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
आसपास के लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले आए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






