
वोट चोरी कर भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त ने लोकतंत्र को कमजोर किया : सीताराम लांबा

जौनपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी एवं राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री सीताराम लांबा ने भाजपा और चुनाव आयोग पर वोट चोरी के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की सत्ता पर काबिज दल और चुनाव आयोग की मिलीभगत से लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंच रहा है।
सोमवार को नगर के एक तंदूरी बैंक्वेट हॉल में प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए सीताराम लांबा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग कर करोड़ों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाए हैं। यह संविधान और मतदाताओं के अधिकारों का हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कई बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वोट चोरी के प्रमाण प्रस्तुत किए, लेकिन चुनाव आयोग ने उन पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई।
लांबा ने कहा कि देश की जनता अब जागरूक हो चुकी है और सरकार तथा चुनाव आयोग की कथित अनियमितताओं को समझ रही है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर संविधान एवं लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जन आंदोलन को व्यापक स्तर पर चलाएगी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग करते हुए उन्हें जेल भेजने की भी मांग की। कहा कि लोकतंत्र, संविधान और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी।








