
पुराने कुएं में गिरी 58 वर्षीय महिला, फायर ब्रिगेड ने सुरक्षित निकाला

जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के तूतीपुर मोहल्ले में रविवार सुबह करीब 11 बजे एक महिला अचानक पैर फिसलने से पुराने कुएं में गिर गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, पंजाबी कॉलोनी, तूतीपुर चौराहा निवासी सुमन सेठी (58) पत्नी अजय सेठी अपने घर के सामने स्थित पुराने कुएं के पास किसी काम से गई थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी की देखरेख में अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र प्रसाद द्विवेदी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने कुएं में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। घटनास्थल पर पुलिस बल भी मौजूद रहा। महिला को सुरक्षित निकालने पर स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग की टीम के कार्य की सराहना की।








