
वाराणसी खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर को मतदान

जौनपुर में 67,172 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। जिले में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर 22 मतदान केंद्रों पर कुल 90 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। यहां 67,172 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 का कार्यक्रम जारी, पांच फरवरी से शुरू होंगी हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएंउन्होंने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी हुई थी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, संवीक्षा 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर थी। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को वाराणसी की पहड़िया मंडी स्थित लाल बहादुर शास्त्री कृषि उत्पादन मंडी समिति में होगी। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 60,396 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 6,776 मतदाता पंजीकृत हैं। स्नातक क्षेत्र के 22 मतदान केंद्रों पर 68 मतदेय स्थल और शिक्षक क्षेत्र के 22 मतदान केंद्रों पर 22 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
मतदान के लिए 90 पीठासीन अधिकारियों और 270 मतदान अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त 22 पीठासीन अधिकारी और 66 मतदान अधिकारी आरक्षित रहेंगे। मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण 10, 16 और 22 अक्टूबर को निर्धारित किया गया है। निगरानी के लिए 22 माइक्रो ऑब्जर्वर तथा आठ आरक्षित माइक्रो ऑब्जर्वर की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्नातक क्षेत्र के छह मतदेय स्थल क्रिटिकल चिह्नित किए गए हैं। शिक्षक क्षेत्र में 31 मतदेय स्थल क्रिटिकल और 11 संवेदनशील श्रेणी में हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 360 पुलिसकर्मी और 50 आरक्षित पुलिसकर्मियों की उपलब्धता बताई गई। इसके अलावा 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट, पांच आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट, छह जोनल मजिस्ट्रेट, तीन आरक्षित जोनल मजिस्ट्रेट और दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील
पत्रकार वार्ता में जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रगति की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है या किसी कारणवश विलोपित हो गया है, वे प्रारूप-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल अथवा वोटर्स हेल्पलाइन और ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भी किया जा सकता है।
उन्होंने नागरिकों से मतदाता सूची में अपने नाम की स्थिति जांचने और नाम नहीं होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिले में मतदाता सूची का जेंडर रेशियो 858 है, जो प्रदेश के औसत से कम है। महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए अधिकारियों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं। खासकर विवाह के बाद दूसरे स्थानों से जौनपुर आकर रहने वाली महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए बीएलओ और तहसील प्रशासन को सक्रिय रहने को कहा गया है।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य अधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे।







