
मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग, कांग्रेसियों ने सौंपा नौ सूत्रीय ज्ञापन

मड़ियाहूं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता परमेंद्र कुमार सिंह और डॉ. आरसी पांडेय के नेतृत्व में गांधी प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े गंभीर मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित नौ सूत्री ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा।
ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने और संविधान के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया तथा एसआईआर से संबंधित निर्णयों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फॉर्म-6 में किए गए बदलाव, नए मतदाताओं के पंजीकरण और इससे जुड़े निर्णयों की वैधानिकता की जांच कराने पर भी जोर दिया। इसके अलावा निर्वाचन संबंधी मतदाता डेटाबेस के केंद्रीयकरण और निर्वाचन अधिकारियों के अधिकारों में कथित हस्तक्षेप से जुड़े मामलों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में देश के प्रत्येक नागरिक के मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों की संवैधानिक सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोष सिद्ध होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी शामिल रही।
इस अवसर पर विनय कुमार तिवारी, मोहम्मद अयूब, राम सिंह बाकुरे, राज कपूर पटेल, अलाउद्दीन सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 का कार्यक्रम जारी, पांच फरवरी से शुरू होंगी हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं







