
पूर्व विधायक स्व. रामकृष्ण उपाध्याय की पुण्यतिथि पर 10 अक्टूबर को रोजगार मेला

जौनपुर। पूर्व विधायक स्व. रामकृष्ण उपाध्याय की 18वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 10 अक्टूबर को नगर के इंग्लिश क्लब में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस नेता एवं उनके पौत्र विकेश उपाध्याय ‘विक्की’ की पहल पर आयोजित होने वाले इस जॉब फेयर में 50 से अधिक कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पहुंचेंगी। रोजगार मेले को लेकर जिले के युवाओं में खासा उत्साह है। आयोजकों के अनुसार अब तक करीब छह हजार अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं और आवेदन की प्रक्रिया अभी जारी है।
गुरुवार को सिविल लाइन स्थित तड़का बैंक्वेट हाल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विकेश उपाध्याय ने बताया कि रोजगार मेला ‘रोजगार संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, कौशल और हुनर के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मेले में अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाली कंपनियां शामिल होंगी और अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगी।
रोजगार मेले में रिसेप्शनिस्ट, फ्रंट डेस्क, बैंक कार्यालय, अकाउंटेंट, सेल्स, मार्केटिंग, नर्सिंग और अस्पताल स्टाफ सहित कई क्षेत्रों में नौकरी के अवसर उपलब्ध होंगे। अलग-अलग शैक्षिक योग्यता और कौशल रखने वाले युवा इसमें शामिल होकर अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार हासिल करने का प्रयास कर सकेंगे। इससे जिले के ऐसे युवाओं को कंपनियों से सीधे संपर्क का अवसर मिलेगा, जो रोजगार की तलाश में हैं।
सुबह 11 बजे से शुरू होगा मेला
आयोजकों के अनुसार रोजगार मेला 10 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से इंग्लिश क्लब में शुरू होगा। इसमें शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। किसी भी अभ्यर्थी से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। इच्छुक युवा क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 9455803612 और 9415602860 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुण्यतिथि पर रोजगार देने की पहल
आयोजकों ने बताया कि पूर्व विधायक स्व. रामकृष्ण उपाध्याय की पुण्यतिथि पर रोजगार मेले का आयोजन युवाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें श्रद्धांजलि देने की पहल है। उनका उद्देश्य है कि अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को कंपनियों तक पहुंचने और अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी पाने का अवसर मिले। विभिन्न कंपनियों की मौजूदगी के कारण नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह मेला महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।








