
संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला युवक का शव

खुटहन के गौरा गांव में घटना से मचा हड़कंप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के गौरा गांव में बीती शाम एक युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजन आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाने की कोशिश करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय कृष्ण कुमार विश्वकर्मा पुत्र राम आसरे विश्वकर्मा के रूप में हुई। वह दो भाइयों में छोटा था और अपने बड़े भाई हरिकेश विश्वकर्मा व मां हीरावती देवी के साथ घर पर रहकर पढ़ाई करता था। उसके पिता राम आसरे मुंबई में नौकरी करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।








