
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में अब छुट्टियों में भी मिलेगी लाइब्रेरी की डिजिटल सुविधा

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में छात्रों और शोधार्थियों के लिए लाइब्रेरी की सुविधा को समय और जगह की सीमा से आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन डिजिटल संसाधनों का दायरा बढ़ा रहा है, ताकि साप्ताहिक अवकाश, त्योहार या लंबी छुट्टियों के दौरान भी विद्यार्थी घर बैठे अध्ययन सामग्री का उपयोग कर सकें।
विश्वविद्यालय में उपलब्ध डिजिटल संसाधनों की समीक्षा की जा रही है। साथ ही, इन्हें अधिक से अधिक छात्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसके तहत कोर्स से संबंधित ई-बुक, शोध पत्रिकाएं, शोधपत्र, स्टडी मटेरियल और शैक्षणिक डेटाबेस उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 का कार्यक्रम जारी, पांच फरवरी से शुरू होंगी हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएंइस सुविधा से छात्रों को परीक्षा की तैयारी के लिए जरूरी अध्ययन सामग्री के लिए लाइब्रेरी खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वहीं शोधार्थी छुट्टियों के दौरान भी शोधपत्र और जर्नल का अध्ययन कर सकेंगे। डिजिटल संसाधनों की संख्या बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों को इनके इस्तेमाल का प्रशिक्षण और जानकारी भी दी जाएगी। उन्हें बताया जाएगा कि उपलब्ध सामग्री को पढ़ाई और शोध कार्य में किस तरह उपयोग किया जा सकता है।
कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि अब लाइब्रेरी केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रह सकती। विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार उन्हें सही डिजिटल सामग्री उपलब्ध कराना जरूरी है। इससे छात्र छुट्टियों में भी अपनी पढ़ाई और शोध का कार्य जारी रख सकेंगे।
बताया गया कि इससे पहले विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी का समय बढ़ाकर शाम आठ बजे तक किया गया था। अब डिजिटल संसाधनों का दायरा बढ़ाकर लाइब्रेरी की सुविधा को समय और स्थान की सीमा से आगे ले जाने पर काम किया जा रहा है।







