
अपराध नियंत्रण में लापरवाही न बरतें, एसएसपी ने दिए निर्देश

- अपराध नियंत्रण में लापरवाही न बरतें
- इनामी और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तेज करें
- अपराध डायरी से होगी अपराधियों की निगरानी
- एसएसपी ने थाना प्रभारियों को दिए निर्देश
जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शुक्रवार को जनपद के सभी थाना प्रभारियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के साथ कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने इनामी, वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में होने वाले अपराधों का नियमित और व्यवस्थित अभिलेखीकरण करें। अपराध के आंकड़ों के आधार पर अपराध डायरी तैयार कर क्षेत्र में अपराध की प्रवृत्ति और सक्रिय अपराधियों की लगातार निगरानी की जाए।
बैठक में थाना स्तर पर अपराधों की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों और आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। एसएसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और अपराध की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करें और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने पर जोर दिया।








