• Sun. Sep 13th, 2026

    दुबई में लापता चंदन की तलाश के लिए सांसद ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र

    दुबई में लापता चंदन की तलाश के लिए सांसद ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र
    Share

    दो सप्ताह से परिजनों से संपर्क नहीं, परिवार में मचा कोहराम

    घर की आर्थिक स्थिति सुधारने दुबई गया था युवक, सकुशल वापसी की लगाई गुहार

    विनोद कुमार

    केराकत, जौनपुर। घर की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए दुबई गए बेहड़ा गांव निवासी युवक चंदन पाल के करीब दो सप्ताह से लापता होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों के मुताबिक चंदन से 27 अगस्त की शाम आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद है और परिवार के किसी भी सदस्य से उसका संपर्क नहीं हो सका है। युवक के साथ किसी अनहोनी की आशंका से पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्य बेहद परेशान हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर चंदन पाल के कुशल एवं सुरक्षित होने की जानकारी उपलब्ध कराने तथा उसकी तलाश में आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है।

    परिजनों के अनुसार बेहड़ा गांव निवासी चंदन पाल पुत्र छक्कू पाल बीते 9 मार्च को दुबई गया था। वहां पहुंचने के बाद वह शारजाह स्थित फिक्स काम टेक्निकल सर्विसेज कंपनी में वेल्डर के रूप में काम करने लगा। कुछ माह बाद वह ठेकेदार के माध्यम से सोनापुर इलाके में काम करने लगा। परिवार के लोगों का कहना है कि करीब छह माह तक चंदन से लगातार बातचीत होती रही और सब कुछ सामान्य चल रहा था।

    27 अगस्त की शाम चंदन ने घर पर फोन किया था। उसने परिवार के लोगों को बताया था कि वह करीब एक सप्ताह में घर लौटने की तैयारी में है। उसने यह भी कहा था कि वह अपने एक मित्र के यहां मोबाइल बनवाने के लिए जा रहा है और पासपोर्ट लेकर आने के बाद फिर फोन करेगा। इसके बाद अगले दिन सुबह जब परिवार के लोगों ने चंदन के मोबाइल पर फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य मानते हुए इंतजार किया, लेकिन कई दिनों तक मोबाइल बंद रहने के बाद उनकी चिंता बढ़ने लगी।

    परिजनों ने चंदन को दुबई भेजने वाले गोरखपुर निवासी एजेंट से संपर्क किया। एजेंट के माध्यम से कंपनी से जानकारी लेने पर बताया गया कि चंदन पाल 18 अगस्त से कंपनी के काम पर नहीं आ रहा था। कंपनी की ओर से उसके लापता होने की सूचना 29 अगस्त को स्थानीय पुलिस को दिए जाने की जानकारी भी परिजनों को मिली। कंपनी की ओर से यह बताया गया कि चंदन के मिलने के बाद उसे भारत भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

    इसके बाद परिवार के लोगों ने चंदन के साथ काम करने वाले अन्य लोगों से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। परिजनों का कहना है कि चंदन के बारे में अलग-अलग स्तर पर जानकारी लेने के बावजूद अब तक यह पता नहीं चल सका है कि वह कहां है और किस स्थिति में है। करीब दो सप्ताह से उससे संपर्क नहीं होने के कारण पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

    परिजनों ने जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करते हुए विदेश मंत्रालय के माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कराने और चंदन की तलाश कराकर उसकी सकुशल घर वापसी सुनिश्चित कराने की मांग की है।

    परिजन सांसद से मिले, सकुशल वापसी की लगाई गुहार

    दुबई में लापता चंदन पाल तीन भाइयों में सबसे छोटा है। उसके बड़े भाई रामनरेश पाल इलाहाबाद में रेलवे कर्मचारी हैं, जबकि दूसरे भाई रामकेश नेपाल में केमिस्ट का काम करते हैं। भाई के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद रामनरेश पाल ने मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया और चंदन की सकुशल वापसी के लिए मदद की गुहार लगाई।

    मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद प्रिया सरोज ने परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र भेजकर चंदन पाल के कुशल एवं सुरक्षित होने को लेकर गंभीर चिंता जताई। सांसद ने पत्र के माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात स्थित भारतीय दूतावास/वाणिज्य दूतावास तथा दुबई के संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामला उठाते हुए चंदन की तलाश कराने और उसके संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त कराने के लिए यथाशीघ्र आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है।

    रामनरेश पाल ने बताया कि वह सोमवार को दिल्ली पहुंचकर विदेश मंत्रालय में पत्रक सौंपेंगे और अधिकारियों से मुलाकात कर अपने भाई की सकुशल वतन वापसी की मांग करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि विदेश मंत्रालय के स्तर से प्रयास होने पर चंदन के संबंध में जल्द ठोस जानकारी मिल सकेगी।

    पत्नी बोली- पति के बारे में ठोस जानकारी दी जाए

    चंदन के लापता होने की खबर के बाद उसकी पत्नी रीता का रो-रोकर बुरा हाल है। पति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने से वह लगातार परेशान हैं। रीता अपनी सास रम्पा और डेढ़ वर्ष की बेटी लाडो के साथ घर पर रह रही हैं। उनका कहना है कि दुबई जाने के बाद से चंदन लगातार फोन के माध्यम से परिवार के संपर्क में था। वह नियमित रूप से घर का हालचाल लेता था और परिवार के लोगों से बातचीत करता था।

    रीता ने बताया कि अचानक करीब दो सप्ताह से पति का फोन बंद होने और किसी तरह की जानकारी नहीं मिलने से उनकी चिंता बढ़ गई है। एजेंट तथा चंदन के साथ काम करने वाले लोगों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी की ओर से यह स्पष्ट नहीं बताया जा रहा है कि चंदन कहां है और किस स्थिति में है।

    पति के लापता होने से परेशान रीता ने जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और जनप्रतिनिधियों से विदेश मंत्रालय के माध्यम से मामले में प्रभावी पहल कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि परिवार को चंदन के बारे में ठोस जानकारी दी जाए और यदि वह किसी परेशानी में है तो उसे जल्द से जल्द सुरक्षित भारत लाया जाए। डेढ़ वर्ष की बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वह पति की सकुशल वापसी की आस लगाए हुए हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *