जौनपुर। बदलापुर तहसील क्षेत्र में कस्बे से डोमपुर की ओर जाने वाली नहर की पटरी इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। करीब तीन किलोमीटर लंबी यह पटरी कठार गांव तक कई स्थानों पर टूट चुकी है। बरसात के बाद रास्ते की हालत और खराब हो गई है। जगह-जगह टूटे हिस्सों के कारण दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के दौरान पानी और कीचड़ के कारण खराब रास्ते से गुजरना और मुश्किल हो जाता है। बाइक सवारों के साथ पैदल राहगीरों को भी संभलकर चलना पड़ता है। रविवार दोपहर भी राहगीरों को रास्ते की खराब स्थिति के कारण परेशानी उठानी पड़ी।
ग्रामीण मनीष और कपूर ने बताया कि नहर पटरी का इस्तेमाल आसपास के कई गांवों के लोग रोजाना करते हैं। रास्ता खराब होने से लोगों का समय और परेशानी दोनों बढ़ रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से नहर पटरी का निरीक्षण कराकर टूटे हिस्सों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके।

