• Sat. Sep 12th, 2026

    जनगणना द्वितीय चरण की तैयारियों में तेजी, 15 सितंबर तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

    जनगणना द्वितीय चरण की तैयारियों में तेजी, 15 सितंबर तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश
    Share

    चार्ज अधिकारियों के अधीन जनगणना कर्मियों को दिया गया विस्तृत तकनीकी प्रशिक्षण

    जौनपुर। जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन ने कार्यों में तेजी ला दी है। 10 सितंबर को आयोजित जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति (DLCCC) की बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को सभी चार्ज क्षेत्रों के संबंधित कर्मचारियों को जनगणना द्वितीय चरण के कार्यों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

    प्रशिक्षण में जनगणना लिपिक, कंप्यूटर ऑपरेटर, तकनीकी सहायक सहित अन्य संबंधित कर्मचारियों को कार्यों की प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से Enumeration Block (EB) की संख्या का सत्यापन, EB एवं Sub-EB की सही ग्रुपिंग, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की सटीक संख्या के निर्धारण पर विशेष जोर दिया गया।

    अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना संबंधी आंकड़ों एवं सीमाओं का निर्धारण अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसलिए प्रत्येक स्तर पर रिकॉर्ड का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए और किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर समय रहते उसका सुधार सुनिश्चित किया जाए।

    15 सितंबर तक पूरा करना होगा कार्य

    बैठक में लिए गए निर्णय एवं अपर जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में उपरोक्त सभी कार्यों को 15 सितंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी चार्ज अधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में संबंधित कर्मचारियों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराना सुनिश्चित करें।

    जनगणना निदेशालय के प्रतिनिधि श्री युवराज गर्ग ने सभी चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों से जनगणना के द्वितीय चरण के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध तरीके से पूरा करने का अनुरोध किया। उन्होंने कार्यों में शुद्धता एवं समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

    प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना लिपिक श्री हर्षित श्रीवास्तव एवं जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर उमेश चन्द्र मिश्र, कमलेश यादव एवं अजय मौर्य ने संबंधित कर्मचारियों को जनगणना कार्यों की बारीकियों, तकनीकी प्रक्रिया और आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *