खुटहन, जौनपुर। पनौली गांव में सोमवार को नव निर्मित मकान में 48 वर्षीय विवाहिता गुड़िया पत्नी मुख्तार अहमद की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। महिला के सिर के माथे और पिछले हिस्से में ठोस वस्तु से प्रहार के निशान मिले हैं। स्वजनों ने हत्या के बाद सोने की चेन, कान की बालियां और पैर की पायल गायब होने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही शाहगंज सर्किल की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
महिला का पैतृक घर नव निर्मित मकान से करीब पांच सौ मीटर दूर है। स्वजनों के अनुसार, वह सोमवार को घर से यह कहकर निकली थीं कि नए मकान का दरवाजा ठीक कराने के लिए बढ़ई को बुलवाया है। दोपहर लगभग ढाई बजे जब उसकी दोनों बेटियां स्कूल से घर आयीं तो भीतर कमरे में तख्त पर उसकी मां कि शव सीधा पड़ा हुआ था। सिर से खून बह रहा था। उनकी चीख पुकार सुनकर तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मकान में उनका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन गांव के ही एक बढ़ई पर हत्या का संदेह जता रहेहैं। हलांकि परिवार की ओर से किसी से रंजिश होने से इनकार किया गया है।
घटनास्थल पर शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह, सरपतहां के प्रभारी निरीक्षक रामाश्रय राय और खेतासराय के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह समेत शाहगंज सर्किल की पुलिस मौजूद रही। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए।
मृतका के दो पुत्र 22 वर्षीय सैफ अली व 20 वर्षीय फैज अली तथा दो पुत्रियां 18 वर्षीय सवा व 16 वर्षीय सानिया हैं। दोनों पुत्र गुजरात में रहते हैं। जबकि पति विदेश में हैं। स्वजन दोनों बेटों के आने के बाद ही शव पुलिस के कब्जे में देने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना अध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि संदिग्धों को हिरासत में लिया जा रहा है।
सिर पर ठोस वस्तु से प्रहार कर महिला की हत्या, जेवरात गायब

