जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में एक अगस्त को हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल रमेश गौतम की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन शव लेकर नेवढ़िया थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा बढ़ाने के साथ तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
पुलिस ने परिजनों से कहा कि पहले शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे नाराज परिजन शव लेकर जौनपुर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय जाने लगे।
परिजनों का आरोप है कि बनेवरा गांव के पास नेवढ़िया पुलिस ने अपना वाहन उनके वाहन के आगे खड़ा कर शव को रोक दिया। काफी देर तक रास्ता रोके जाने से सड़क पर जाम लग गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर मड़ियाहूं क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी समझाने के बाद परिजन मान गए, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

