• Sat. Sep 5th, 2026

    युवक की संदिग्ध मौत के मामले में एक गिरफ्तार

    Share

    खुटहन (जौनपुर)। थाना खुटहन क्षेत्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने विवेचना के दौरान प्रकाश में आए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को 5 सितंबर को गौसपुर बाजार से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया।

    पुलिस के अनुसार, मुजक्किरपुर निवासी सुरेन्द्र विश्वकर्मा ने 2 सितंबर को थाने में सूचना दी थी कि उनका करीब 30 वर्षीय पुत्र दीपक विश्वकर्मा 30 अगस्त की सुबह लगभग पांच बजे शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस संबंध में उसी दिन थाना खुटहन में गुमशुदगी दर्ज की गई थी।

    1 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे दीपक विश्वकर्मा का शव ग्राम पंचायत भवन के पीछे स्थित रामदुलार यादव के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 290/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

    विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 103(1) बीएनएस को धारा 105 बीएनएस में तरमीम किया गया। जांच में राजेश यादव पुत्र रामदुलार यादव, निवासी मुजक्किरपुर का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद पुलिस टीम ने 5 सितंबर को दोपहर करीब 1:10 बजे गौसपुर बाजार से राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।

    गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रेमशंकर सिंह, कांस्टेबल रणविजय यादव तथा कांस्टेबल ओमकार यादव शामिल रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *