जौनपुर। गौराबादशाहपुर क्षेत्र के पिलखिनी स्थित सतीश सिंह कॉलेज ऑफ फार्मेसी में पुराने छात्रों की ओर से नए छात्रों के सम्मान में फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं महाविद्यालय के पदाधिकारियों ने किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का विकास होना भी जरूरी है। कॉलेज जीवन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण दौर होता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने लक्ष्य को निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि फार्मेसी के क्षेत्र में विद्यार्थियों के सामने बेहतर भविष्य की व्यापक संभावनाएं हैं। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल को लगातार विकसित करते रहना चाहिए, जिससे वे अपने क्षेत्र में बेहतर योगदान दे सकें।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक अरविंद सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य डॉ. रूबी राय ने भी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सह प्रबंधक राहुल सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी।

कार्यक्रम के दौरान पुराने और नए छात्रों ने एक-दूसरे के साथ यादगार पल साझा किए। अंत में सभी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की।


