
मिशन शक्ति अभियान के तहत गांवों से स्कूल-कॉलेजों तक पहुंच रही जौनपुर पुलिस, महिलाओं को किया जा रहा जागरूक

जौनपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जौनपुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत व्यापक जागरूकता और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत महिला बीट पुलिस अधिकारी गांवों और वार्डों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से सीधा संवाद कर रही हैं। चौपाल और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें महिला सुरक्षा कानूनों, अधिकारों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही पंपलेट वितरित कर उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
वहीं एंटी रोमियो स्क्वाड स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रख रही है। छेड़छाड़ और अभद्रता करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जौनपुर पुलिस ने महिलाओं से किसी भी परेशानी में चुप न रहने और तत्काल सहायता लेने की अपील की है। इसके लिए महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जारी किए गए हैं।








