
जौनपुर में 20 और 21 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 15 से अधिक कंपनियां करेंगी युवाओं का चयन

जौनपुर। युवाओं को उनकी शैक्षिक और तकनीकी योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में दो स्थानों पर रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 20 नवंबर को विकास खंड परिसर मुंगराबादशाहपुर और 21 नवंबर को पब्लिक इंटर कॉलेज केराकत में सुबह 10 बजे से रोजगार मेला लगेगा।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आयोजित इस मेले में 15 से अधिक निजी कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। कंपनियों द्वारा सोलर टेक्नीशियन, सुपरवाइजर, मशीन ऑपरेटर, स्टोर मैनेजर, सेल्स मैनेजर, कलेक्शन ऑफिसर और हेल्पर सहित विभिन्न पदों पर चयन किया जाएगा।
इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई और पॉलीटेक्निक डिप्लोमाधारी अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।
इच्छुक युवा रोजगार संगम पोर्टल https://rojgaarsangam.up.gov.in पर निःशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर अपने शैक्षिक एवं तकनीकी प्रमाणपत्रों की छायाप्रति और बायोडाटा के साथ पहुंचना होगा।








