
पराली न जलाने के प्रति किसानों को जागरूक करेंगे प्रचार वाहन, उप कृषि निदेशक ने दिखाई हरी झंडी

जौनपुर। फसल अवशेष (पराली) जलाने से होने वाले नुकसान और इसके बजाय खेतों में फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए कृषि विभाग ने अभियान शुरू किया है। गुरुवार को उप कृषि निदेशक अश्वनी कुमार सिंह ने कृषि भवन परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू (सीआरएम) योजना के तहत ये वाहन जिले के सभी विकास खंडों की न्याय पंचायतों में जाकर किसानों को जागरूक करेंगे।
अभियान के माध्यम से किसानों को पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही फसल अवशेषों को खेतों में उचित तरीके से प्रबंधित करने और मृदा स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के फायदे बताए जाएंगे।
इस अवसर पर भूमि संरक्षण अधिकारी-द्वितीय कमलजीत सिंह, उप परियोजना निदेशक आत्मा रमेश चन्द्र यादव सहित अन्य अधिकारी और किसान मौजूद रहे।








