
छठ पूजा को लेकर एसडीएम ने घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

मड़ियाहूं। छठ पूजा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को उप जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय और क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता ने अधिशासी अधिकारी चंदन सिंह गौड़ के साथ पूजा स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने चंडिका माता मंदिर स्थित तालाब और ऊंचनी स्थित सई नदी के किनारे बने छठ पूजा घाटों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने नगर पंचायत के अधिकारियों को महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए टेंट की व्यवस्था करने, पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा तालाब में सुरक्षा के लिए जाली लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों और आसपास के परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था चाक-चौबंद रखने को कहा, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं, पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा स्थलों पर भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए वाहनों को घाटों से दूर खड़ा कराया जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, क्राइम इंस्पेक्टर इरफान अली, पंकज पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







