
पूर्वांचल युवा महोत्सव नवोदित कलाकारों के लिए अमूल्य अवसर : विनय कुमार सिंह

जौनपुर। पूर्वांचल एवं जनपद के नवोदित कलाकारों के बीच लोकप्रिय पूर्वांचल युवा महोत्सव-2026 में सहभागिता के लिए कलाकारों के चयन को लेकर बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान स्थित सभागार में आयोजित ऑडिशन के दूसरे दिन भी कलाकारों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं मुफ्तीगंज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पूर्वांचल युवा महोत्सव नवोदित युवा कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अमूल्य अवसर है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपनी अलग पहचान बनाने का मंच मिलता है।
महोत्सव के संरक्षक एवं टीडी कॉलेज के प्रोफेसर अजय कुमार दुबे ने ऑडिशन में कलाकारों की बढ़ती संख्या, उनके शानदार प्रदर्शन और आयोजन की अनुशासित व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने आयोजन समिति के सभी सदस्यों को बधाई दी। वहीं, उपाध्यक्ष उपेंद्र कुमार मिश्र ने इसे कलाकारों के लिए विशिष्ट अवसर बताते हुए कहा कि इस मंच के माध्यम से प्रतिभागियों को निःशुल्क अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
मड़ियाहूं पीजी कॉलेज में छह नवंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 50 से अधिक कंपनियां करेंगी प्रतिभागइस अवसर पर कार्यकारिणी एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों संजय सिंह, अविनाश दुबे, रेखा सिंह, निशांत सिंह भोलू, साधना, राखी सिंह, किरण सिंह, दिव्या सिंह, लक्ष्मी, मयंक, राजू, शम्स अब्बास, संकल्प सिंह, दीपक पाठक, कृपा शंकर सिंह, महेंद्र गुप्ता, महेंद्र विश्वकर्मा, बिट्टू किन्नर और विक्रांत राय सहित अन्य लोगों ने अपने विचार एवं महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
पूर्वांचल युवा महोत्सव के अध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार तिवारी ने बताया कि यह आयोजन केवल जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल और प्रदेश के नवोदित कलाकारों के लिए एक बेहतर मंच साबित होगा। पूर्वांचल युवा महोत्सव का आयोजन 17, 18 एवं 19 नवंबर को बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में किया जाएगा। इसके लिए कलाकारों को पंजीकरण कराकर सहभागिता का अवसर दिया जा रहा है। महोत्सव में नृत्य, गायन, वादन, मेहंदी प्रतियोगिता, हस्तशिल्प, मिमिक्री और कविता पाठ सहित विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम का संचालन अपूर्वा दुबे ने किया तथा निवेदिता रॉय ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। ऑडिशन की प्रक्रिया देर शाम तक चलती रही।




