
बाल विज्ञान कांग्रेस में 250 बाल वैज्ञानिकों ने प्रस्तुत किए शोध प्रोजेक्ट

जौनपुर। राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के तत्वावधान में जनपद स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 का आयोजन तीन नवंबर को रजा डीएम शिया इंटर कॉलेज में किया गया। इसमें जूनियर और सीनियर वर्ग के करीब 250 बाल वैज्ञानिकों ने अपने मार्गदर्शक शिक्षकों के साथ प्रतिभाग कर मौलिक शोध प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव, डॉ. चंद्रकला सिंह, जनपद स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. सुधांशु सिन्हा, डॉ. मनोज सिंह, जिला शैक्षिक समन्वयक डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. रवींद्र नाथ, आयोजन सहप्रभारी मोहम्मद रजा खान, जिला विज्ञान क्लब समन्वयक डॉ. विपनेश श्रीवास्तव और जिला समन्वयक आदर्श वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सावित्री विश्वास के नेतृत्व में सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों और निर्णायकों का माल्यार्पण, बुके और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया।
मड़ियाहूं पीजी कॉलेज में छह नवंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 50 से अधिक कंपनियां करेंगी प्रतिभागसह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के पोर्टल पर जिले से 431 टीमों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता में केवल पंजीकृत बाल वैज्ञानिकों को ही प्रतिभाग करने का अवसर दिया गया। डॉ. सुधांशु सिन्हा ने बताया कि बच्चों को अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल, खाद्य एवं कृषि, स्वास्थ्य तथा सतत विकास के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली के अनुप्रयोग जैसे विषयों में से किसी एक पर शोध प्रस्तुत करना था। इसका उद्देश्य बच्चों में समस्याओं की पहचान, परिकल्पना तैयार करने और आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर वैज्ञानिक एवं तार्किक ढंग से समाधान खोजने की क्षमता विकसित करना है।
प्रतिभागियों को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, राजेश यादव, सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. पंकज सिंह, डॉ. सुधांशु सिन्हा और एलपी मौर्य सहित अन्य अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। चयनित बाल वैज्ञानिक 27 से 29 नवंबर तक वाराणसी में प्रस्तावित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद रजा खान और राहुल राज मिश्र ने किया। अंत में जिला समन्वयक आदर्श वर्मा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




