
1725 करोड़ की कौशल विकास योजना का हुआ सजीव प्रसारण

आईटीआई संस्थानों में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस
जौनपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिले के विभिन्न राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान लखनऊ के लोकभवन सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।
PET परीक्षा को लेकर जौनपुर में भारी वाहनों की नो-एंट्री, सुबह 6 से रात 8 बजे तक रहेगा प्रतिबंधजनपद के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिद्दीकपुर, शाहगंज और उसरांव में डिजिटल एलईडी बोर्ड के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों एवं संस्थान के कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम देखा और सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 1725 करोड़ रुपये की सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना का शुभारंभ किया।
योजना का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक कौशल प्रशिक्षण देना तथा उनकी रोजगारपरक दक्षताओं को बढ़ाना है। इसके माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार और प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है।
इस पहल के तहत जनरेशन इंडिया फाउंडेशन, मिंडा, टाटा और अशोक लीलैंड सहित विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं कौशल विकास संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया। इससे आईटीआई संस्थानों को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने और प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को सरदार पटेल के जीवन, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और राष्ट्रीय एकता के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि आईटीआई संस्थानों की जिम्मेदारी केवल प्रमाण-पत्र देना नहीं, बल्कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, व्यावहारिक दक्षता और रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर देश के औद्योगिक विकास में सहभागी बनाना है।
इस अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिद्दीकपुर के प्रधानाचार्य मनीष कुमार पाल, कार्यदेशक अखिलेश कुमार सिंह, ममता यादव, मुन्नालाल, सुनील कुमार सिंह कुशवाहा सहित संस्थान के समस्त अनुदेशक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







