
मड़ियाहूं में व्यापारियों का सम्मेलन, एकजुटता पर दिया जोर

मड़ियाहूं। स्थानीय नगर के एक मैरिज हॉल में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल मड़ियाहूं की ओर से व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. आरके पटेल, विशिष्ट अतिथि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन व भूमि विकास बैंक के निदेशक डॉ. अजय सिंह रहे। मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सोनी रहे। अध्यक्षता दिनेश टंडन और संचालन कवलजीत सिंह गब्बर ने किया।
प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सोनी ने कहा कि व्यापारियों को एकजुट होकर अपने अधिकारों और समस्याओं के लिए आवाज उठानी होगी। संगठन हर स्तर पर व्यापारियों के साथ खड़ा है। उन्होंने जीएसटी की कथित अनियमितताओं, व्यापारियों के उत्पीड़न और स्थानीय स्तर पर दुकानदारों की समस्याओं का मुद्दा उठाया। कहा कि नगर पंचायत और नगर पालिका की कार्रवाई में समानता होनी चाहिए। दुकानों के आगे खड़े ठेलों पर कार्रवाई नहीं होती, जबकि दुकानदार द्वारा थोड़ा सामान बाहर रखने पर चालान कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर जांच के लिए पहुंच जाती है, लेकिन अधिकारियों के मामलों में ऐसी तत्परता नहीं दिखती।
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. आरके पटेल ने कहा कि व्यापारियों को बदलते समय के साथ अपने व्यापार का तरीका भी बदलना होगा और कारोबार को हाईटेक बनाना होगा। व्यापारियों के सहयोग के बिना शासन-व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों की सुविधा के लिए जीएसटी समेत अन्य व्यवस्थाओं में सुधार कर रही है।
इस दौरान तहसील अध्यक्ष लाल प्रताप सिंह, एसडीएम मड़ियाहूं अजय कुमार उपाध्याय, चंदन केसरी, डॉ. अरुण कुमार मिश्र, नितेश सेठ समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजेश विश्वकर्मा हाउस अरेस्ट, जंतर-मंतर जाने से पहले पुलिस ने रोका







