
किराये के कमरे का ताला तोड़कर चोरी

मड़ियाहूं। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के दिलावरपुर में चोरों ने किराये के कमरे का ताला तोड़कर खाद्य मसालों समेत करीब 60 हजार रुपये का सामान और 16 हजार रुपये नकद चोरी कर लिया। पीड़ित ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर चोरी का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
बिहार के भोजपुर निवासी विष्णु कुमार चौधरी दिलावरपुर में किराये के मकान में रहते हैं। तहरीर के अनुसार पांच अक्तूबर की रात मां की तबीयत खराब होने के कारण वह गांव चले गए थे। आरोप है कि इसी दौरान बगल के कमरे में रहने वाले वीरेंद्र सेठ ने उनके कमरे और बक्से का ताला तोड़ दिया। वहां से जीरा, काली मिर्च, छोटी-बड़ी इलायची, सरसों समेत करीब 60 हजार रुपये के खाद्य मसाले, गैस सिलिंडर, साइकिल, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 16 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए।
पीड़ित के अनुसार पास के कमरे में रहने वाले राजेंद्र ने एक व्यक्ति को सामान ले जाते देखा था, लेकिन उसे अपना सामान समझकर उसने ध्यान नहीं दिया। बाद में विष्णु के कमरे का ताला टूटा मिला और सामान गायब था। मकान मालिक ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।








