
संचारी रोग नियंत्रण अभियान ‘दस्तक’ का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकली

जौनपुर। संचारी रोग नियंत्रण अभियान ‘दस्तक’ का शुभारंभ गुरुवार को टीबी चिकित्सालय परिसर से किया गया। विधान परिषद सदस्य जौनपुर बृजेश सिंह प्रिंशू ने अभियान के संबंध में शपथ दिलाने के बाद जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में संचारी रोगों से बचाव के लिए पोस्टर और पंपलेट वितरित किए गए। इस दौरान ‘जल जमाव होगा जहां, मच्छर पैदा होंगे वहां’, ‘साफ पानी, साफ हाथ, संचारी रोगों को देंगे मात’ और ‘हम सबने यह ठाना है, संचारी रोग भगाना है’ जैसे स्लोगन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
विधान परिषद सदस्य ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संचारी दस्तक अभियान को पूरी गुणवत्ता के साथ संचालित किया जाए। सभी गतिविधियों को कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ उनकी सघन मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए। रैली टीबी चिकित्सालय परिसर से शुरू होकर गांधी तिराहा होते हुए पुनः टीबी चिकित्सालय परिसर में समाप्त हुई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, नोडल अधिकारी वीबीडी डॉ. आलोक कुमार सिंह, डीटीओ डॉ. विशाल यादव, जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव, डॉ. सुशील अग्रहरि, अधिशासी अधिकारी धर्मराज राय, एसआई जितेंद्र सिंह, एसोसिएट जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विवेक सिंह, कृषि विभाग के बीपी सिंह, सहायक मलेरिया अधिकारी संजीव मिश्रा, सुजीत प्रभाकर, अशोक कुमार, सलिल यादव, राजीव कुमार सहित मलेरिया-फाइलेरिया विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में पंचायती राज, नगर विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन और कृषि विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा संयुक्त रूप से गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके तहत साफ-सफाई, झाड़ी कटाई, जल निकासी, एंटी लार्वा रसायन का छिड़काव, फॉगिंग, ब्रीडिंग सोर्स सर्वे और सोर्स रिडक्शन जैसे कार्य किए जाएंगे। साथ ही स्वास्थ्य शिक्षा एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से शूकर पालकों, किसानों, स्कूली छात्र-छात्राओं और आमजन को संचारी रोगों से बचाव, जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा।









