
किसान नेता अजीत सिंह हाउस अरेस्ट, आठ पुलिसकर्मी तैनात

चंदवक। आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ढेरही स्थित टोल प्लाजा पर टोल वसूली बंद कराने की मांग को लेकर 30 सितंबर को आयोजित धरने के दौरान हिरासत में लिए गए पूर्वांचल किसान संगठन के नेता अजीत सिंह को पुलिस ने बुधवार रात उनके आवास बोड़सर गांव में हाउस अरेस्ट कर दिया। उनके आवास पर सुरक्षा के मद्देनजर दो दारोगा समेत आठ पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
बताया गया कि धरने के दौरान पुलिस ने अजीत सिंह को हिरासत में लेकर पहले राजातालाब थाने में रखा। इसके बाद रात करीब 10 बजे पुलिस उन्हें लेकर उनके आवास पहुंची और वहीं नजरबंद कर दिया।
हाउस अरेस्ट किए गए अजीत सिंह ने आरोप लगाया कि अधूरी सड़क का निर्माण पूरा किए बिना गलत स्थान पर टोल प्लाजा बनाकर टोल टैक्स वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान और प्रभावित लोग लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध कर रहे हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन प्रदर्शनकारियों को परेशान कर रहा है। उन्होंने इसे जनतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि टोल वसूली बंद होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
नजरबंदी के दौरान समर्थन देने पहुंचे लोगों में मनीष पांडेय, अमरनाथ, पूर्व प्रमुख जय प्रकाश राम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र प्रजापति, प्रधान अमरजीत यादव, पूर्व प्रधान छोटेलाल चौबे, अजय सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, अरविंद पांडेय, रामेश्वर सिंह, वंशराज और इंद्रजीत सहित अन्य लोग शामिल रहे।








