
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न

जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में विद्यालयों में कायाकल्प, स्मार्ट क्लास, छात्र नामांकन, लर्निंग आउटकम सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कायाकल्प के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जर्जर भवनों को नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा नए भवन निर्माण के प्रस्ताव भी तैयार कराए जाएं।
जिलाधिकारी ने विभिन्न पैरामीटर पर विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा की। विकाश खंड करंजा कला और मुगरा बादशाहपुर कई पैरामीटर में में अपेक्षित प्रगति कम पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
स्मार्ट क्लास की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जानकारी ली कि कितने विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित हैं। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्मार्ट क्लास के प्रभावी संचालन की नियमित निगरानी के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाए तथा प्रतिदिन कक्षाओं के संचालन की वीडियो क्लिप साझा की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत भवनों में स्थापित की जा रही डिजिटल लाइब्रेरी का बच्चों के हित में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनमें अध्ययन एवं पठन-पाठन की आदत विकसित हो।

उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालयों में अनिवार्य रूप से पैरेंट्स-टीचर मीटिंग आयोजित की जाए, जिसमें अभिभावकों को उनके बच्चों की शैक्षिक प्रगति एवं लर्निंग आउटकम की जानकारी दी जाए।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में मिशन शक्ति के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को महिला सुरक्षा, अधिकार एवं संबंधित योजनाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। विद्यालयों की छतों के ऊपर के विद्युत तार न हटाए जाने की जानकारी प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त छात्र नामांकन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। अभियान चलाकर बच्चों के बर्थ सर्टिफ़िकेट बनवाने की कार्रवाई भी प्राथमिकता से पूर्ण कराई जाए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में बच्चों के लर्निंग आउटकम में सुधार एवं शैक्षिक गुणवत्ता में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं तथा योजनाओं एवं कार्यक्रमों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जिला अधिकारी के द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने पर खंड शिक्षा अधिकारी मडियाहू उदयभान कुशवाहा और राज्य पुरस्कार प्राप्त करने वाले अध्यापक संजय मिश्रा को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया ।
जिला पूर्ति अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया की सभी विद्यालयों में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ,विद्यालयों में मिड डे मील निर्धारित मीन के अनुसार बच्चों को दिए जाने के निर्देश दिए गए ।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया, परियोजना निदेशक श्री केके पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर , खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









