
जौनपुर में होगा ‘नमो सेवा—अनकही कहानियाँ’ का भव्य नाट्य मंचन

जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत जिले में ‘नमो सेवा—अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की यात्रा को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। यह जानकारी भाजपा जिला महामंत्री अजय सिंह ने सोमवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
अजय सिंह ने बताया कि ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर पर सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता अभियान और पौधरोपण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयुष्मान भारत, पीएम आवास और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं के वंचित लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें लाभ दिलाने में कार्यकर्ता सहयोग करेंगे। युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देने और महिला सुरक्षा व स्वावलंबन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अजय सिंह ने बताया कि ‘नमो सेवा—अनकही कहानियाँ’ के तहत होने वाली नाट्य प्रस्तुति में नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें सेवा, समर्पण, अंत्योदय, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को नाट्य रूप में दिखाने की योजना है।
उन्होंने कहा कि जौनपुर में इस कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर नाट्य मंचन किए जाएंगे। स्कूल, कॉलेज, पंचायत, सामुदायिक केंद्र और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों से संवाद स्थापित करने की योजना है। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पत्रकार वार्ता के अंत में अजय सिंह ने नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान में भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी और जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह मौजूद रहे।








