• Sun. Jul 26th, 2026

    30वें दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास सम्पन्न, 83 मेधावियों को मिलेंगे 84 पदक

    Share

    जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में निर्धारित मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सम्पन्न हुआ। कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने समारोह की सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

    विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह 27 जुलाई को आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। समारोह में 83 मेधावी विद्यार्थियों को 84 पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा 339 शोधार्थियों को पीएचडी और एक को डीएससी की उपाधि दी जाएगी।

    पूर्वाभ्यास के दौरान अतिथियों के आगमन, शैक्षणिक शोभायात्रा, दीप प्रज्ज्वलन, उपाधि और पदक वितरण समेत सभी कार्यक्रमों का अभ्यास किया गया। गोद लिए गांवों के खेलों के विजेताओं को भी राज्यपाल द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति, लोकगीत, पर्यावरण और जल संरक्षण पर प्रस्तुतियों का अभ्यास किया।

    कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि समारोह में प्रवेश परिचय-पत्र के आधार पर होगा। पेन, बैग, कैमरा, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। निर्धारित वेशभूषा का पालन अनिवार्य होगा। पूर्वाभ्यास का संयोजन प्रो. अविनाश और संचालन प्रो. मनोज मिश्र ने किया।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *