जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में वाराणसी के पूर्व पार्षद विपिन कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फेसबुक और व्हाट्सएप सहित विभिन्न मंचों पर प्रसारित हो रहा यह वीडियो नेवढ़िया थाना क्षेत्र के दोदापुर गांव निवासी विजयदीप गुप्ता उर्फ सत्यम से संबंधित बताया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने वीडियो की निष्पक्ष जांच, संबंधित डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित करने तथा साइबर सेल से जांच कराने की मांग की है। वहीं, हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी, उपाध्यक्ष उमेश चंद दुबे और जिला प्रभारी दिलीप सिंह ने भी नेवढ़िया थाने में ज्ञापन देकर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। नेवढ़िया थानाध्यक्ष निखिलेश तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है।


