जौनपुर, 18 जुलाई। सम्पूर्ण समाधान दिवस की कार्यवाही समाप्त होने के बाद जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने विकास खंड रामनगर की ग्राम पंचायत सैयूर का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों एवं जनोपयोगी परिसंपत्तियों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सार्वजनिक परिसंपत्तियों के नियमित रखरखाव, स्वच्छता और शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत अमृत सरोवर से हुई, जहां जिलाधिकारी ने सरोवर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। परिसर स्थित अमृत वाटिका में उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिकारियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और हरित वातावरण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है, इसलिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने अन्नपूर्णा भवन का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भवन की उपयोगिता, साफ-सफाई और संचालन व्यवस्था की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान रूरल रिसोर्स सेंटर (आरआरसी सेंटर) का भी अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को केंद्र को पूरी तरह क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित ऐसे केंद्रों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को अधिकतम लाभ मिल सके।
इसके पश्चात सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा रखरखाव की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने निर्देश दिया कि सार्वजनिक सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए और कहीं भी अव्यवस्था न रहने पाए।
जिलाधिकारी ने पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, फर्नीचर तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। पंचायत भवन की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि इसी प्रकार व्यवस्था बनाए रखी जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत में निर्मित सभी सार्वजनिक परिसंपत्तियों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। साथ ही ग्राम पंचायत में स्वच्छता, हरियाली और जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, उपजिलाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


