जौनपुर, 18 जुलाई। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में प्रस्तावित दीक्षांत समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में देर शाम एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का विस्तार से परीक्षण किया गया। बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग, साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, मंच व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाए, ताकि राज्यपाल के दौरे और दीक्षांत समारोह के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के प्रत्येक चरण में प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन किया जाए तथा सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समारोह को गरिमामय, सुरक्षित और निर्विघ्न संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में सुझाव भी लिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यदि किसी स्तर पर कोई कमी या आवश्यकता महसूस हो तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यक्रम के दिन सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु रहें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों ने अपनी-अपनी तैयारियों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने का आश्वासन दिया।


