मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में रविवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से एक 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मुकुंदपुर गांव निवासी शिव बाबू पटेल की 15 वर्षीय पुत्री सुहाना रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे रेलवे लाइन पर पहुंच गई। उसी दौरान मुंबई से गाजीपुर जा रही गोदान एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि सुहाना खाना खाने के बाद घर में सो गई थी। इसके बाद वह कब और कैसे घर से करीब 500 मीटर दूर रेलवे लाइन तक पहुंच गई, इसकी किसी को जानकारी नहीं हो सकी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां बेटी का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना पर पहुंची मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

