मड़ियाहूं, जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र के सेऊर गांव स्थित तालाब में रविवार को नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, बुजुर्गा गांव निवासी 18 वर्षीय मोहम्मद इरफान खान, पुत्र अब्दुल समद, रविवार सुबह करीब 10 बजे सेऊर गांव के तालाब में नहाने गए थे। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर मृतक के चाचा इकराम खान मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तालाब से शव निकलवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

