मछलीशहर, जौनपुर। मछलीशहर कस्बे में शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे खाखोपुर बाजार से ट्रक सहित पकड़ लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम प्रधान संजय यादव के अनुसार, कोठारी गांव निवासी सत्यनारायण यादव (65) शनिवार सुबह किसी कार्य से बाजार आए थे। शटरिंग का कार्य करने वाले सत्यनारायण यादव साइट से लौटकर कोतवाली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोतवाली कार्यालय से करीब 50 मीटर पहले मुंगराबादशाहपुर तिराहे के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिर पड़े और ट्रक के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर खाखोपुर बाजार से ट्रक समेत चालक को हिरासत में ले लिया।
प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि मृतक के बेटे के बाहर होने के कारण ग्राम प्रधान की तहरीर पर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक और चालक को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

