जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना और जनपद की विभिन्न थाना साइबर सेल ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से 151 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार अब तक जौनपुर पुलिस 1791 गुमशुदा मोबाइल, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 3.60 करोड़ रुपये है, बरामद कर उनके मालिकों को वापस दिला चुकी है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में गठित साइबर टीम ने जौनपुर सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों और दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार व राजस्थान से मोबाइल फोन बरामद किए।
बरामद मोबाइलों में वनप्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग जैसी कंपनियों के फोन शामिल हैं। मोबाइल वापस मिलने पर लाभार्थियों ने जौनपुर पुलिस का आभार जताया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल सीईआईआर पोर्टल और संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर तुरंत शिकायत करने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से संदिग्ध लिंक, क्यूआर कोड और रिमोट एक्सेस ऐप से सतर्क रहने की भी अपील की।

