मड़ियाहूं। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मनीपुर गांव में तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान एक युवक के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मनीपुर निवासी जगदीश गौंड की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में बताया गया है कि उनका पुत्र राज गौंड बुधवार रात करीब आठ बजे सुदनीपुर बाजार में आयोजित एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गया था। आरोप है कि भोजन करने के दौरान गांव के ही विश्वास गौतम, अजीत कुमार गौतम, छोटू गौतम और गोलू गौतम ने बिना किसी बात के गाली-गलौज शुरू कर दी और बाद में राज गौंड के साथ मारपीट की।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट में उसे चोटें आईं। शोर सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

