जलालपुर। क्षेत्र के रेहटी बनपुरवा गांव की निवासी कीर्ति यादव के बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के माध्यम से आपूर्ति निरीक्षण अधिकारी पद पर चयनित होने पर त्रिलोचन महादेव बाजार में उनका सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विनय वर्मा ने किया।
कीर्ति यादव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सीएचएस (बीएचयू) से प्राप्त की, जबकि स्नातक की पढ़ाई उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान विषय में की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता सुशीला यादव, गुरुजनों तथा भाई-बहनों को देते हुए कहा कि उनके सहयोग और प्रेरणा से यह उपलब्धि हासिल हो सकी।
कीर्ति यादव ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण करना है, जिसके लिए वह पूरी लगन और समर्पण के साथ तैयारी कर रही हैं।
साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाली कीर्ति यादव की सफलता को क्षेत्र के युवाओं और छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणादायक बताया गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद की प्रतिभावान गायिका विदुषी वर्मा ने अपने आवास पर कीर्ति यादव को माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए सम्मानित किया।
इस अवसर पर समाजसेवी चंदन सेठ, सुदर्शन मिश्रा, मयंक पटेल, संगम जायसवाल, अशोक यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

