जौनपुर। जिले के सरपतहां थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और एक वांछित गो-तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकला भेजा गया। उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सरपतहां यजुवेंद्र कुमार सिंह अपनी टीम के साथ समोधपुर मार्ग स्थित कम्मरपुर पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान समोधपुर की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबराकर मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा, लेकिन जल्दबाजी में बाइक पलट गई। इसके बाद वह पैदल कम्मरपुर गांव की ओर भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर आरोपी ने अपने पास मौजूद तमंचे से पुलिस पर दो राउंड फायर कर दिए। पुलिस के अनुसार, एक गोली थानाध्यक्ष के दाहिने कान के पास से गुजर गई।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। घायल अवस्था में उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान पंकज यादव (35 वर्ष), पुत्र रूदल यादव, निवासी सारी बड़ौना, थाना सरपतहां, जनपद जौनपुर के रूप में बताई।
तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि बरामद स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल उसने अखंडनगर क्षेत्र से चोरी की थी और पहचान छिपाने के लिए उसका नंबर प्लेट बदलकर चला रहा था।
देवरिया में भी था वांछित, कई गंभीर मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी देवरिया जिले में गो-तस्करी के मामले में भी वांछित था। उसके खिलाफ जौनपुर, देवरिया और गोंडा जनपदों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, लूट, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
मुकदमा दर्ज, विधिक कार्रवाई जारी
घायल आरोपी के खिलाफ थाना सरपतहां में बीएनएस की धारा 109(1), 317(2), 318(4) तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

