मड़ियाहूं। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के रजमलपुर गांव में शुक्रवार रात एक विवाहिता का शव बंद कमरे में पंखे से साड़ी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रजमलपुर निवासी प्रियंका तिवारी (37), पत्नी जितेंद्र तिवारी, रात में कमरे का दरवाजा बंद कर अपने कमरे में थीं। कुछ देर बाद बच्चों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो प्रियंका का शव पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
मृतका अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गई हैं। उनके पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

