जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन आयोजन के संबंध में बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को नियमित निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन 02 एवं 03 जुलाई, 2026 को दो-दो पालियों में तथा 04 जुलाई, 2026 को प्रथम पाली में किया जाएगा। जनपद में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 05 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 08 आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी ने केंद्र अधीक्षकों के दायित्वों की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी केंद्रों पर आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखने के साथ-साथ अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा हेल्थ बूथ स्थापित किए जाएं, जहां ओआरएस, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहें। भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर टेंट की व्यवस्था तथा सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई एवं मरम्मत कर उन्हें क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, पुलिस विभाग के अधिकारी, केंद्राध्यक्ष एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


