• Thu. Jun 25th, 2026

    उपचार के दौरान गर्भवती महिला की मौत, डॉक्टर व अस्पताल कर्मियों पर मुकदमा दर्ज

    Share

    खुटहन (जौनपुर)। खुटहन कस्बे के अस्पताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान छह माह की गर्भवती महिला की मौत हो जाने के बाद परिजनों ने चिकित्सक और अस्पताल कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के बाद अस्पताल बंद मिला और आरोपितों के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

    जानकारी के अनुसार, सरपतहा थाना क्षेत्र के पट्टी नरेंद्रपुर गांव निवासी रिंकू माली की पत्नी लक्ष्मी छह माह की गर्भवती थीं। परिजनों का कहना है कि उनका इलाज गर्भधारण के बाद से उक्त निजी अस्पताल में चल रहा था। बुधवार को पेट में तेज दर्द होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ती चली गई।

    परिजनों के मुताबिक शाम को चिकित्सक उन्हें जिले के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से आधी रात के बाद वापस लाकर बताया गया कि ऑपरेशन के दौरान लक्ष्मी की मृत्यु हो गई। यह सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में परिजनों व अस्पताल पक्ष के बीच कहासुनी भी हुई।

    परिजनों ने आरोप लगाया कि मृत नवजात का शव उन्हें न तो दिखाया गया और न ही सौंपा गया। वहीं, जिस पैथोलॉजी में मृतका का अल्ट्रासाउंड हुआ था, वहां जांच के लिए पहुंची पुलिस को संचालक ने बताया कि कंप्यूटर का पूरा डेटा डिलीट हो गया है।

    मृतका के पति रिंकू माली की तहरीर पर पुलिस ने चिकित्सक एवं अस्पताल कर्मचारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed