मड़ियाहूं (जौनपुर)। नगर पंचायत मड़ियाहूं द्वारा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को नगर क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न दुकानों से करीब पांच किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक की पन्नियां बरामद कर जब्त की गईं।
अधिशासी अधिकारी चंदन सिंह गौड़ के निर्देश पर नगर पंचायत की टीम ने नगर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान का नेतृत्व श्याम नारायण मिश्र ने किया। जांच के दौरान कई दुकानों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक की थैलियां मिलने पर उन्हें मौके पर जब्त कर लिया गया।
अभियान के दौरान दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी देते हुए इसके उपयोग से बचने की अपील की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में सिकंदर, आनंद सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अधिशासी अधिकारी चंदन सिंह गौड़ ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि नगर को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।

