जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित होने वाले संचारी दस्तक अभियान को लेकर प्रथम अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने और उसकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से संचालित होगा। उन्होंने फ्रंटलाइन कर्मियों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि सभी गतिविधियां तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं और किसी स्तर पर लापरवाही न हो।
बैठक में बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग और बाल विकास विभाग आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से बुखार, टीबी, कुष्ठ रोग, कुपोषण, खांसी-जुकाम और डायरिया से प्रभावित लोगों की पहचान कर उनकी जांच और उपचार सुनिश्चित करेंगे।
पंचायती राज और नगर विकास विभाग ग्रामों एवं शहरी वार्डों में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, जल निकासी, कूड़ा निस्तारण, उथले हैंडपंपों का चिन्हीकरण, एंटी-लार्वा छिड़काव, फॉगिंग तथा खुले में शौच मुक्त अभियान को गति देंगे।
पशुपालन विभाग को शूकर पालकों को साफ-सफाई, मच्छररोधी जाली लगाने और आबादी से दूर शूकर बाड़े रखने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए। वहीं शिक्षा विभाग विद्यालयों में संक्रामक एवं जलजनित रोगों से बचाव, हाथ धोने, स्वच्छता, क्लोरीनेशन तथा पोस्टर, क्विज और निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक करेगा।
कृषि विभाग किसानों को लेप्टोस्पायरोसिस एवं स्क्रब टायफस जैसी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करेगा, जबकि सिंचाई विभाग नहरों और तालाबों के किनारे झाड़ियों की सफाई तथा उद्यान विभाग सार्वजनिक स्थलों पर मच्छररोधी पौधे लगाएगा। सूचना विभाग अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को नालों की नियमित सफाई, एंटी-लार्वा रसायनों के छिड़काव और फॉगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी निजी अस्पतालों में फायर मॉक ड्रिल कराने तथा जिला अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में प्लेटलेट्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज, शिक्षा, कृषि, नगर निकायों सहित संचारी दस्तक अभियान से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

