बरसठी | सोशल मीडिया पर असलहे के साथ फोटो प्रसारित होने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में भ्रमण एवं जांच के दौरान सूचना मिली कि फेसबुक की एक आईडी से असलहे के साथ फोटो पोस्ट की गई है। सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच की। जांच के दौरान व्यक्ति की पहचान थाना क्षेत्र के भन्नौर (मरकहिया कोट) गांव निवासी विजेंद्र कुमार सिंह उर्फ विक्की सिंह के रूप में होने की बात सामने आई। तहरीर में उल्लेख किया गया है कि पोस्ट के साथ लिखे गए संदेश को लेकर गांव में भय एवं रोष का माहौल उत्पन्न होने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने युवक के विरुद्ध बीएनएस की धारा 351 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से कानून-व्यवस्था प्रभावित करने अथवा भय का वातावरण बनाने का प्रयास किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

