• Tue. Jun 23rd, 2026

    जौनपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दिए व्यापक निर्देश

    Share

    जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

    बैठक में यातायात निरीक्षक ने बताया कि जनवरी 2026 से अब तक सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है। इस दौरान हेलमेट न पहनने पर 1,12,898, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने पर 3,282, तीन सवारी बैठाने पर 10,182, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने पर 621, अवैध पार्किंग पर 18,031, मानक के विपरीत नंबर प्लेट पर 1,616, ओवर स्पीड पर 647, शराब पीकर वाहन चलाने पर 67, जाति एवं पद सूचक शब्द लिखे वाहनों पर 14, काली फिल्म लगे वाहनों पर 22 चालान किए गए। इसके अलावा 254 वाहन सीज किए गए।

    बैठक में बताया गया कि जनवरी से 21 जून 2026 तक जनपद में 379 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 224 लोगों की मौत तथा 247 लोग घायल हुए। इन आंकड़ों पर गंभीर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी बोर्ड, संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए।

    उन्होंने लोक निर्माण विभाग और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को वर्षा ऋतु से पहले सभी सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के पास टेबल टॉप स्पीड ब्रेकर बनाने तथा सड़क सुरक्षा के अन्य आवश्यक कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

    जिलाधिकारी ने बिना फिटनेस वाले वाहनों के संचालन पर रोक लगाने, नगर क्षेत्र में पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन करने, अतिक्रमण हटाने, ग्रामीण सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाने तथा परिवहन विभाग के टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-1800-151 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए।

    उन्होंने तबेला संचालकों को अपने पशु बांधकर रखने के लिए नोटिस जारी करने, स्कूल-कॉलेजों में सड़क सुरक्षा से संबंधित सेमिनार आयोजित करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर उनके अभिभावकों को बुलाकर सचेत करने के निर्देश दिए।

    बैठक में ओवरलोड वाहनों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण, विद्युत विभाग, नगर निकायों तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *